थाना क्षेत्र के गांव बाबरी स्थित विश्व धारिणी भारत गैस एजेंसी पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को सील लगाने की कार्रवाई की। यह कदम ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उठाया गया, जिनमें गैस वितरण में अनियमितता और पारदर्शिता की कमी के आरोप लगाए गए थे।
जिला प्रशासन के निर्देश पर नायब तहसीलदार गौरव कुमार के नेतृत्व में सप्लाई इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार, एआरओ नरेंद्र कुमार और हल्का लेखपाल ओमकार सिंह की टीम शाम करीब तीन बजे एजेंसी पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर गहन जांच करते हुए भरे और खाली गैस सिलेंडरों का स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया। जांच के दौरान रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में स्पष्ट अंतर सामने आया, जिससे अनियमितताओं की पुष्टि हुई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी निधि भारद्वाज के निर्देश पर नायब तहसीलदार ने एजेंसी प्रबंधक अंकित कुमार की मौजूदगी में गैस एजेंसी को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।कार्रवाई के दौरान उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से गैस आपूर्ति को लेकर चिंता जताई। इस पर प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कर दी जाएगी, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से एजेंसी पर गैस वितरण को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ रहा था। शिकायतों के आधार पर हुई इस कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। अब उपभोक्ताओं की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

0 Comments