थाना बाबरी क्षेत्र के ग्राम बुटराडा में बुधवार को मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत मिशन शक्ति/एंटीरोमियो टीम द्वारा महिलाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने महिलाओं को नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूक करते हुए ‘दण्ड से न्याय की ओर’ की अवधारणा समझाई और बताया कि नए कानूनों से महिलाओं का सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा।
अभियान के दौरान उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को साइबर क्राइम, धोखाधड़ी, छेड़खानी तथा बाल अपराध से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। टीम ने 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा 108 एंबुलेंस सेवा की जानकारी साझा करते हुए इनके महत्व पर प्रकाश डाला।
इसके अतिरिक्त सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। महिलाओं को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, समूह विवाह योजना एवं ऑपरेशन सवेरा जैसी योजनाओं के लाभों से अवगत कराया गया।
इस मौके पर पुलिस टीम ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और पुलिस का सहयोग लें।

0 Comments