बहुप्रतीक्षित दिल्ली–देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर पर बुधवार (15 अप्रैल) से वाहनों की रफ्तार देखने लायक रही। कॉरिडोर के शुरू होते ही लोगों में खासा उत्साह नजर आया और सुबह से ही इस आधुनिक हाईवे पर तेज गति से वाहनों की आवाजाही जारी रही।
हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि एक ही दिशा में महज एक मिनट के भीतर करीब 25 से 30 वाहन गुजरते देखे जा रहे हैं। बिना किसी अवरोध के वाहनों की आवाजाही से यह कॉरिडोर फिलहाल वाहन चालकों के लिए सुगम और आकर्षक बना हुआ है।
हालांकि, प्रतिबंध के बावजूद दोपहिया वाहन भी इस हाईवे पर फर्राटा भरते नजर आ रहे हैं, जो सुरक्षा की दृष्टि से चिंता का विषय बना हुआ है। नियमों की अनदेखी कर बड़ी संख्या में बाइक सवार इस कॉरिडोर का उपयोग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, अभी तक इस मार्ग पर किसी भी स्थान पर टोल वसूली शुरू नहीं की गई है, जिससे वाहन चालक बिना रुके सफर कर रहे हैं। यही वजह है कि लोग बड़ी संख्या में इस नए कॉरिडोर पर यात्रा का अनुभव लेने पहुंच रहे हैं।
स्थानीय निवासी प्रदीप, धर्म सिंह (निवासी बनतीखेड़ा) तथा राजकुमार व ऋषभ (निवासी बाबरी) का कहना है कि इस कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच की दूरी कम समय में तय की जा सकेगी, जिससे क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, आने वाले समय में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा और सुरक्षा मानकों को और मजबूत किया जाएगा। फिलहाल, कॉरिडोर पर रफ्तार और सुविधा का यह नया अनुभव लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

0 Comments