पुलिस ने महिला पर जानलेवा हमले में तीन आरोपियों के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज,


कैराना : कोतवाली क्षेत्र में एक महिला पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोहल्ला अफगानान निवासी इमरान पुत्र हमीद ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी साबरा 2 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे पड़ोस में अपनी बहन सन्नो के घर गई थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले राशिद, उसकी पत्नी शकीना तथा मुकर्रम उर्फ भूरा (मामा) लाठी-डंडों और लोहे की रॉड लेकर गाली-गलौज करते हुए झगड़ा कर रहे थे। आरोप है कि जब साबरा ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो तीनों आरोपियों ने उस पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से सिर, माथे और कमर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह महिला को आरोपियों के चंगुल से बचाया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को पहले कैराना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल शामली रेफर किया गया। बाद में गंभीर चोटों के चलते उसे मेरठ के सरदार बल्लभभाई पटेल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments