कार-बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल




थाना क्षेत्र में दिल्ली–देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर के पास बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव भनेड़ा निवासी फिरोज पुत्र याकूब उम्र लगभग 21 वर्ष अपने साथी समीर पुत्र दिलशाद अंसारी के साथ बाइक से किसी कार्य से कांजरहेड़ी गांव से दिल्ली–देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर के पुल के नीचे हाईवे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि फिरोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल समीर को तत्काल कुडाना सीएचसी ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे शामली जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि मृतक फिरोज चार भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी शादी अभी हाल ही में 27 मार्च 2026 को हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

Post a Comment

0 Comments