जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या की साजिश व धमकी पर मुकदमा दर्ज



कैराना: एक महिला किन्नर ने जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या की साजिश रचने और लगातार जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए नामजद आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


नगर के मोहल्ला आर्यपुरी निवासी अन्नू उर्फ महबूब (सर्वलिंगिक) ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि करीब गत एक वर्ष से देव कुमार उर्फ सिम्मी पुत्र विपिन कुमार तथा कादिर उर्फ काद्य पुत्र रफीक, जो वर्तमान में कैराना में रह रहे थे, उसके संपर्क में थे और उसके साथ बधाई गाने के कार्यक्रमों में भी जाते थे। आरोप है कि उक्त दोनों ने उसे जहरीला पदार्थ पिलाकर जान से मारने की साजिश बनाई थी।पीड़िता का कहना है कि जानकारी होने पर उसने आरोपियो से पूछताछ की, जिस पर उन्होंने गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में कोई नुकसान न पहुंचाने का आश्वासन देते हुए गत सोमवार को लिखित में दिया। आरोप हैं कि इसके बावजूद गत मंगलवार को रवि निवासी पानीपत ने मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी और बार-बार कहा कि यदि उसने विरोध किया तो उसे कैराना आकर खत्म कर देगा। पीड़िता के अनुसार, उक्त काल की रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है। इसके बाद देव कुमार उर्फ सिम्मी तथा कादिर उर्फ काद्य ने भी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि विपक्षियों ने पीड़िता की फोटो एडिट कर अश्लील अवस्था में वीडियो बनाकर वायरल कर दिए, जिससे उसकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
कोतवाली पुलिस ने आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। 

----

Post a Comment

0 Comments