कैराना सीएचसी में बेटियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान, सर्वाइकल कैंसर से बचाव पर जोर



कैराना, 10 अप्रैल
समाज में बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना पर 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रतिदिन निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचपीवी वैक्सीन एक प्रभावी सुरक्षा उपाय है, जो बच्चियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि कम उम्र में यह टीका लगवाना अधिक लाभकारी होता है, जिससे वायरस के संक्रमण को रोका जा सकता है।

सीएचसी कैराना पर यह टीकाकरण प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य प्रदान करें।

Post a Comment

0 Comments