थाना बाबरी क्षेत्र में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति के नाम पर फर्जी कारोबार दिखाकर सरकारी विभाग को गुमराह करने और आर्थिक अनियमितता का प्रयास किया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव करौदा हाथी निवासी श्रवण कुमार ने थाना बाबरी में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह ग्राम पंचायत विभाग में संविदा कर्मचारी हैं और वर्तमान में जिला निर्वाचन कार्यालय शामली में कार्यरत हैं। उन्हें आयकर विभाग की ओर से एक नोटिस प्राप्त हुआ, जिसमें उनके नाम से दिल्ली में कारोबार संचालित होने और वित्तीय लेन-देन का उल्लेख किया गया था।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने कभी कोई व्यापार नहीं किया और न ही किसी प्रकार के कारोबारी गतिविधियों से उनका कोई संबंध रहा है। जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने साइबर धोखाधड़ी के तहत उनके नाम से फर्जी फर्म का पंजीकरण कर जीएसटी रजिस्ट्रेशन करा लिया और उसी के माध्यम से अवैध लेन-देन किया गया।
इस पूरे घटनाक्रम से अनभिज्ञ पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी का कहना है कि साइबर ठगी के इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments