ग्राम पंचायत बाबरी में शनिवार को महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिराव गोविंदराव फुले की जयंती बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। ग्राम पंचायत सचिवालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे परिसर में समाज सुधार, शिक्षा और समानता के संदेश गूंजते रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा फुले के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों ने उनके जीवन और आदर्शों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का संचालन मास्टर सुरेश सैनी ने प्रभावशाली ढंग से किया।
मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सैनी महासभा के अध्यक्ष नरेश सैनी के पुत्र महेश सैनी मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में महात्मा फुले के जीवन, विचारों और समाज सुधार के लिए किए गए उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा फुले ने शिक्षा के प्रसार, महिला सशक्तिकरण और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ उनका संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में समाजसेवी अनोखेलाल पाल, जिला पंचायत सदस्य मैनपाल सैनी, सैनी समाज सेवा समिति शामली के अध्यक्ष रामनिवास सैनी तथा अतर सिंह सैनी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं सिलावर मंडल अध्यक्ष भाजपा रविंद्र सैनी ने कहा कि महात्मा फुले के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता और शिक्षा का वास्तविक प्रसार संभव है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के त्याग और समर्पण से परिचित कराते हैं, जिससे समाज में जागरूकता बढ़ती है।
कार्यक्रम में मास्टर घसीटा दास, डॉ. राजवीर लंबा, रिंकू सैनी, राजपाल सैनी, रोहित पाल, अभिषेक सैनी, गौरव सैनी, अमित उपाध्याय, सहदेव सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन के अंत में सभी ने महात्मा फुले के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

0 Comments