कैराना : नगर के मोहल्ला स्थित नगर महामंत्री चौधरी आसिफ चौहान एडवोकेट के आवास पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और किसानों के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
शनिवार की रात्रि बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर कड़ा विरोध जताया। उनका आरोप था कि स्मार्ट मीटरों में तकनीकी खामियों के चलते उपभोक्ताओं को गलत और अधिक बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे आम जनता आर्थिक शोषण का शिकार हो रही है। इसके अलावा नगर की सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति और नालियों के चोक होने से उत्पन्न जलभराव की समस्या पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जनता परेशान है, लेकिन प्रशासन इस ओर गंभीर नहीं है। संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो भाकियू जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। बैठक का संचालन चौधरी गय्यूर हसन ने किया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष चौधरी इनाम (कालू) और मंडल महासचिव पुष्कर सैनी ने कहा कि भाकियू हमेशा किसानों और दबे-कुचले वर्ग की आवाज रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में जिला सचिव चौधरी गुरदीप सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष फैज़ान अहमद, नगर महामंत्री आसिफ चौहान, जिला सचिव चौधरी इमरान, मोहसिन जैदी, मुख्तार खान, राजपाल सिंह, नईम सैफी, चौधरी सालिम व मोहम्मद अहमद खान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 Comments