उर्दू भाषा हमारी सांस्कृतिक व साहित्यिक विरासत की अमानत: मेहरबान कुरैशी एडवोकेट


कैराना। 
मोहल्ला कैस्तवाड़ा स्थित रोडों की धर्मशाला में आयोजित एक सादगीपूर्ण किंतु गरिमामयी समारोह के दौरान मोहम्मद समीर को उर्दू विषय में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने पर शहर के गणमान्य लोगों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें फूल-मालाओं से अभिनंदित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बताया गया कि मोहम्मद समीर ने महज एक वर्ष की अल्प अवधि में अपने शिक्षक नवेद अहमद के मार्गदर्शन में उर्दू भाषा सीखी और कक्षा दसवीं की परीक्षा प्राइवेट अभ्यर्थी के रूप में उत्तीर्ण करते हुए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने असाधारण बताया।

इस अवसर पर एडवोकेट मेहरबान कुरैशी ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति की मूल पहचान है और उर्दू भाषा हमारी सांस्कृतिक व साहित्यिक परंपरा की संरक्षक है। उन्होंने नई पीढ़ी को उर्दू से जोड़ने को समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया। उन्होंने मोहम्मद समीर की सफलता को अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए परिश्रम, निरंतरता और सही मार्गदर्शन के महत्व पर बल दिया।

समारोह में मास्टर अतीक़ शाद, सालिम अली एडवोकेट, आरिफ सिद्दीकी एडवोकेट, नवेद अहमद तथा डॉ. सलीम अख्तर फारूकी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और छात्र को पुस्तकें भेंट कर उसका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का आयोजन अंजुमन गुलिस्तान-ए-उर्दू अदब की ओर से किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए इस प्रकार की गतिविधियों को आवश्यक बताया।

Post a Comment

0 Comments