थाना बाबरी पुलिस ने बुधवार देर रात गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान पशु तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए बोलेरो मैक्स पिकअप से चार पशु बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल की रात थाना बाबरी पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन में गायों को क्रूरता पूर्वक बांधकर लोई नहर मार्ग से लालूबेड़ी की ओर ले जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने नहर पटरी पर आम के बाग के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी
कुछ देर बाद सामने से आती एक बोलेरो मैक्स पिकअप को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन रोककर मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने वाहन में बैठे सहचालक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नईम पुत्र कासिम निवासी बहावड़ी थाना कोतवाली शामली, हाल निवासी बाजार वाली गली बनत बताया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गांव-गांव से गाय खरीदकर अन्य स्थानों पर बेचते थे। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें दो गाय, एक बछड़ा और एक बछिया बरामद हुई। सभी पशुओं को वाहन में बेहद संकुचित स्थान में ठूंसकर रखा गया था तथा उनके मुंह और पैर बुरी तरह बांधे गए थे, जिससे उन्हें पीड़ा हो रही थी। वाहन में पशुओं के लिए चारे और पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं मिली।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने फरार चालक का नाम धुरमट निवासी हरिद्वार बताया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल सिसोदिया ने बताया कि पशु तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। क्षेत्र में इस कार्रवाई के बाद पशु तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

0 Comments