कैराना: कैराना क्षेत्र के गांव तितरवाड़ा में एक महिला पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल शामली रेफर किया गया है। घटना को लेकर कोतवाली कैराना में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
गांव जहानपुरा निवासी असजद पुत्र युनुस ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गत मंगलवार की रात करीब 9 बजे उसकी सगी बहन हारूना पत्नी कुर्बान अपने घर तितरवाड़ा में बच्चों के साथ सोने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग लाठी-डंडों से लैस होकर जबरन घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए महिला पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने महिला के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी और ईंट-पत्थरों से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह महिला को हमलावरों से बचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना में भर्ती कराया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

0 Comments