छुट्टी के दिन भी की गई गैस वितरित, सुबह 5 बजे से लाइन में लगे उपभोक्ता।



बाबरी क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत के बीच सोमवार को अवकाश होने के बावजूद विश्व धरनी भारत गैस एजेंसी बाबरी पर गैस का वितरण किया गया। रविवार देर रात गैस की गाड़ी पहुंचने के बाद सोमवार सुबह से ही उपभोक्ताओं को सिलेंडर बांटे गए। गैस लेने के लिए उपभोक्ता सुबह 5 बजे से ही एजेंसी के बाहर कतार में लग गए थे, जिससे सुबह होते-होते लंबी लाइन लग गई।
गैस एजेंसी प्रबंधक अंकित कुमार ने बताया की, इस बार एजेंसी पर मात्र 180 सिलेंडर ही पहुंचे थे। सुबह करीब 9 बजे से वितरण शुरू किया गया, जो शाम तक लगातार चलता रहा। दिनभर चली प्रक्रिया में सभी 180 सिलेंडर उपभोक्ताओं को दे दिए गए, लेकिन बड़ी संख्या में लोग खाली हाथ लौटने को मजबूर हो गए।
गैस की कमी के चलते उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिली। कई लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से गैस नहीं मिल पा रही थी, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। सुबह से लाइन में लगने के बावजूद सिलेंडर न मिल पाने पर लोगों ने व्यवस्था में सुधार की मांग की।
गैस एजेंसी के प्रबंधक अंकित कुमार ने बताया कि बुकिंग के अनुपात में काफी कम सिलेंडर आए हैं। इसके बावजूद उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए सोमवार की छुट्टी होने के बावजूद वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल के बाद रविवार देर रात गैस की गाड़ी पहुंची थी, जिसे सोमवार सुबह से बांटना शुरू कर दिया गया।
प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि अगली गाड़ी आते ही शेष बचे उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, लोगों ने प्रशासन से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि इस तरह की परेशानी से राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments