बाबरी क्षेत्र में बिजली विभाग की 132 केवी शामली–बघरा-II हाईटेंशन लाइन से एल्यूमिनियम कंडक्टर (ACSR ज़ेब्रा) की बड़ी चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने सुनियोजित ढंग से रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए टावरों पर चढ़कर हजारों मीटर लंबी तार काट ली, जिससे विभाग को भारी नुकसान तथा क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हुई।
जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल की देर रात बदमाशों ने गांव भाजू के पास स्थित टावर संख्या 34 (D0) से 37 (B0) के बीच लगे दो एल्यूमिनियम तारों को निशाना बनाया। प्रत्येक तार की लंबाई करीब 786 मीटर बताई जा रही है। कुल 1572 मीटर कंडक्टर को काटकर चोर फरार हो गए। चोरों ने बेहद ऊंचे टावरों पर चढ़ कर चोरी के दौरान टावरों पर लगे करीब 104 इंसुलेटर समेत अन्य विद्युत उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए। इससे लाइन को काफी नुकसान पहुंचा हैं।
विद्युत विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। साथ ही, लाइन कटने के कारण आसपास के कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभाग ने तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था कर आपूर्ति बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग ने थाना बाबरी पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी बिजली उपकरणों की चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इतनी बड़ी वारदात पहली बार सामने आई है। लोगों ने पुलिस से इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

0 Comments