प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जन आरोग्य मेले का हुआ आयोजन


प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाबरी में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का सफल आयोजन किया गया। मेले में ग्रामीणों और कस्बेवासियों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जन आरोग्य मेले का उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र में ही प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि सामान्य बीमारियों के लिए बड़े अस्पतालों की दौड़ न लगानी पड़े।
मेले के दौरान कुल 25 मरीजों की चिकित्सीय जांच की गई। इनमें सर्वाधिक मरीज सर्दी-खांसी से पीड़ित पाए गए। चिकित्सकों के अनुसार चार मरीजों में बुखार के लक्षण मिले, जबकि पांच मरीज त्वचा रोग जैसे खाज-खुजली से ग्रस्त पाए गए। इसके अलावा तीन लोगों की टीबी जांच की गई और चार मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। 
महिला स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 5 गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाएं दी गईं। मेले में आए अन्य मरीजों को भी जांच के बाद नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं।
स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारियों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments