कैराना। विवाहिता ने चार बच्चों के पिता पर बहला-फुसलाकर धोखे से शादी करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया हैं। पीड़िता ने आरोपी युवक व उसकी माँ पर पेट्रोल डालने व जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से पिटाई करने के भी आरोप लगाए है।
कस्बे के मोहल्ला बेगमपुरा निवासी सहरून ने कोतवाली पर अभियोग पंजीकृत कराया है। बताया कि उसकी शादी 17 नवंबर 2025 को कैराना सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पर कांधला कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान निवासी आसिफ के साथ में रजिस्टर्ड हुई थी। उक्त आसिफ ने उसे बहला-फुसलाकर धोखे से स्वयं को अविवाहित बताकर शादी की थी, जबकि वह पहले से ही शादीशुदा था और चार बच्चों का पिता है। जब तक उसे इस बात की जानकारी हुई तब तक बहुत देर हो चुकी थी और वह गर्भवती हो गई थी। आरोप है कि उसका पति आसिफ अपने भाइयों गुलजार व फरहान तथा माँ नूरनिशा के साथ मिलकर उसके साथ में आए दिन मारपीट करने लगा। इसी दौरान वह तीन माह के बच्चे की मां बन चुकी थी। आरोप है कि विगत 21 मार्च को प्रातः करीब 11 बजे उसका पति आसिफ व सास नूरनिशा जबरदस्ती उसके घर में घुस आए तथा उसके ऊपर पेट्रोल डाल दिया और जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। दोनों माँ-बेटे ने उसके शरीर पर खूब डंडे बरसाए। शोर-शराबा सुनकर आसपड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपियों से बामुश्किल उसकी जान बचाई। पीड़िता ने आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।
---------------------

0 Comments