रायपुर में बुजुर्ग महिला हत्याकांड का 4 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार


थाना क्षेत्र के गांव रायपुर में बुजुर्ग महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का बाबरी पुलिस ने महज चार घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए मृतका के कुंडल भी बरामद कर लिए हैं।
ज्ञात हो कि सोमवार को गांव रायपुर निवासी करीब 90 वर्षीय रामप्यारी पत्नी स्व. शेर सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर में मृत अवस्था में मिली थीं। सूचना मिलते ही पुलिस व उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए गए। मृतका के पुत्र रविंद्र कुमार की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
 थाना बाबरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफल अनावरण किया।
पुलिस ने सुमित पुत्र मदन निवासी रायपुर व आदित्य पुत्र महेश निवासी बहेड़ी (मुजफ्फरनगर) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मृतका के एक जोड़ी कुंडल(पीली धातु) बरामद हुए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मृतका को घर पर अकेला देख लालच में आकर योजना बनाई। रात में घर में घुसकर कुंडल लूटने का प्रयास किया और विरोध करने पर महिला का मुंह दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस त्वरित खुलासे से जहां पुलिस की सक्रियता की सराहना हो रही है, वहीं क्षेत्रवासियों ने भी राहत की सांस ली है।

Post a Comment

0 Comments