क्षेत्र के गांव बाबरी में व्यापारियों ने सामाजिक सरोकारों का परिचय देते हुए एक महत्वपूर्ण और सराहनीय निर्णय लिया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल इकाई बाबरी के आह्वान पर नगर के सभी व्यापारियों ने एकमत होकर कुट्टू के आटे की बिक्री पर स्वैच्छिक रूप से रोक लगाने का फैसला किया है। इसके तहत अब दुकानों पर केवल साबुत कुट्टू ही बेचा जाएगा।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष महेश चंद्र गर्ग ने बताया कि हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए यह निर्णय पूरी तरह जनहित और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का उद्देश्य आमजन को संभावित स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से सुरक्षित रखना है।
उन्होंने गांव के समस्त व्यापारियों से अपील की कि इस निर्णय का पूरी निष्ठा के साथ पालन करें। व्यापारियों ने एकमत होकर निर्णय का स्वागत करते हुए कुट्टू का आटा नहीं बचने का निर्णय लिया ।इस सामूहिक पहल से न केवल व्यापारिक एकता का संदेश गया है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का भी परिचय मिला है।
इस मौके पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी अमित मित्तल, सजल सिंघल सहित अन्य सदस्य एवं व्यापारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने व्यापारियों के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे जनकल्याण की दिशा में एक सकारात्मक और सराहनीय कदम बताया है।

0 Comments