*25 मार्च को जनपद शामली में होगा जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन*




विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कैराना द्वारा दिनांक 25 मार्च 2026 को विकसित भारत युवा संसद 2026 का आयोजन जनपद शामली के वीवीपीजी कॉलेज के सभागार में किया जाएगा। यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवम खेल मंत्रालय के तत्वाधान में आयोजित एवं प्रायोजित किया जा रहा है जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता तथा समसामयिक विषयों पर तार्किक वैचारिकी का विकास एवं उसकी अभिव्यक्ति को सुदृढ़ करना है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ हरेंद्र सिंह ने बताया कि महाविद्यालय को जनपद स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 के आयोजन हेतु नोडल संस्थान बनाया गया है। यह कार्यक्रम युवा नेतृत्व तैयार करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है क्योंकि भारत युवाओं का देश है ।
         प्रतिभा शर्मा, जिला युवा अधिकारी माय भारत जनपद शामली ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद शामली के 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को प्रतिभागिता हेतु मंच प्रदान किया गया है जहां वे निर्धारित विषय "आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक" विषय के पक्ष अथवा विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही युवा कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। डॉ डॉली कार्यक्रम नोडल अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना ने बताया कि जिला स्तरीय युवा संसद में प्रतिभाग हेतु माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य है । जिला स्तरीय युवा संसद में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले पांच युवाओं को राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026, जिसका आयोजन लखनऊ में होगा, प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त होगा। प्राचार्य ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा चुकी है। उन्होंने जनपद शामली के युवाओं से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।

Post a Comment

0 Comments