एक करोड़ की स्मैक के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार



कैराना। कोतवाली पुलिस द्वारा “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत दो मादक पदार्थ तस्करों को अवैध 515 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अन्तर्राष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
             पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के कुशल नेतृत्व में परिक्षेत्र सहारनपुर के अंतर्गत मादक पदार्थों,नशे के अवैध कारोबार, प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी रोकथाम हेतु एक विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा : नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर” चलाया जा रहा है।
           शनिवार को पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक शामली सुमित शुक्ला के प्रभावी नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी कैराना के निकट पर्यवेक्षण में कोतवाली कैराना पुलिस द्वारा दो मादक पदार्थ तस्करों फारुख उर्फ गांधी पुत्र अख्तर व अमजद पुत्र नासिर निवासीगण ग्राम भूरा थाना कैराना जनपद शामली को अवैध 515 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से बरामद स्मैक की अन्तर्राष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धारा में नामजद अभियोग पंजीकृत कर चालानी कार्यवाही करते जेल रवाना कर दिया है।
      उधर, पुलिस जनपद के सभी नागरिकों से अपील करती है कि इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। “नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर” बढ़ते हुए हम सब मिलकर जनपद शामली को नशामुक्त बनाने का संकल्प लें।

Post a Comment

0 Comments