कैराना नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए मुशर्रफ सिद्दीकी ने ठोकी ताल, चुनाव लड़ने का किया ऐलान


कैराना। आगामी नगर पालिका परिषद चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में दैनिक अमन के सिपाही के संपादक एवं प्रमुख समाजसेवी मुशर्रफ सिद्दीकी ने प्रेस वार्ता कर कैराना नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने का औपचारिक ऐलान कर दिया है।
प्रेस वार्ता के दौरान मुशर्रफ सिद्दीकी ने स्पष्ट कहा कि उनका उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि नगर के समग्र विकास को नई दिशा देना और व्याप्त भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाना है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कैराना नगर पालिका में विकास कार्यों की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही है, साथ ही पारदर्शिता की कमी भी देखने को मिली है।
उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वे नगर में साफ-सफाई, बेहतर जल निकासी व्यवस्था, सड़कों का निर्माण, स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देंगे। इसके साथ ही नगर पालिका के कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता लाकर जनता का विश्वास मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी।
मुशर्रफ सिद्दीकी ने स्वयं को जनता का सच्चा सेवक बताते हुए कहा कि वे वर्षों से सामाजिक कार्यों के माध्यम से लोगों के बीच सक्रिय रहे हैं और उनकी समस्याओं को नजदीक से समझते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव में कैराना की जनता बदलाव के पक्ष में मतदान करेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान कई गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने उनके इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे नगर के विकास की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।

Post a Comment

0 Comments