पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने संभ्रांत लोगों के साथ की बैठक



कैराना। होली पर्व एवं रमजान के दृष्टिगत एसडीएम व सीओ ने नगर व क्षेत्र के संभ्रांत लोगो के साथ में कोतवाली प्रांगण में बैठक आहूत की। इस दौरान होली पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों से सख्ती से निपटने की चेतावनी दी गई है। साथ ही, आमजन से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देकर शांति-व्यवस्था एवं आपसी सौहार्द कायम रखने की अपील की गई है।

होली पर्व एवं रमजान के मद्देनजर रविवार को कोतवाली प्रांगण में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज ने की। उन्होंने लोगो से होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है। कहा कि भारतीय संस्कृति विविधताओं से सुसज्जित है। देश के प्रत्येक नागरिक को कानून का पालन करते हुए अपने-अपने त्योहार मनाने की पूर्ण स्वतंत्रता है। ऐसे में आपसी भाईचारे एवं सौहार्द को कायम रखना सभी का दायित्व बनता है। क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार ने कहा कि होली खेलते समय मर्यादा का ख्याल रखा जाए। किसी को जबरदस्ती रंग न लगाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी को भी समाज की शांति भंग करने की अनुमति नही दी जायेगी। कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने लोगो से शालीनता के साथ में होली मनाए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने शराब पीकर उत्पात मचाने पर सख्त कार्यवाही किये जाने की चेतावनी दी है। कहा कि त्योहार की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध कोई नरमी नही बरती जाएगी। इस दौरान अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह, बीडीओ कैराना बृजेश गुप्ता, एसएसआई अरुण कुमार, सीएचसी चिकित्सक विकास बरनवाल, इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान, किलागेट चौकी प्रभारी एसआई विनोद राघव, पालिका लिपिक असलम आदि मौजूद रहे।
----------------------

ईओ के अनुपस्थित रहने पर भड़की एसडीएम, कार्यवाही की चेतावनी

होली पर्व व रमजान के मद्देनजर रविवार को कोतवाली प्रांगण में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे। वहीं, नगरपालिका ईओ समीर कश्यप के बैठक में गैर-हाजिर रहने पर एसडीएम भड़क गई। उन्होंने पालिका प्रशासन के प्रतिनिधि के तौर पर बैठक में शामिल होने पहुंचे लिपिक असलम को जमकर खरी-खोटी सुनाई। कहा कि शांति समिति की बैठक में ईओ को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना चाहिए था। यह एक जिम्मेदारी भरा पद है। उनसे अनुपस्थित रहने का कारण पूछा जाएगा। एसडीएम ने ईओ के अनुपस्थित रहने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। साथ ही, उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर ईओ के विरुद्ध कार्यवाही कराए जाने की बात कही। उधर, एसडीएम ने बताया कि शांति समिति की बैठक में सम्बंधित अधिकारियों को उपस्थित रहने के लिए कहा गया था। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी बैठक में अनुपस्थित रहे है। नोटिस जारी करके उनसे जवाब मांगा जाएगा।

Post a Comment

0 Comments