महिला के पेट से निकली 12 किलो की गांठ, सफल सर्जरी से मिली नई जिंदगी



8 महीने से दर्द से जूझ रही महिला को राहत, आयुष्मान योजना बनी सहारा


जनपद शामली में एक जटिल ऑपरेशन के जरिए सर्जन डॉ. रिहान जैदी ने महिला के पेट से करीब 12 किलो की गांठ निकालकर उसे नई जिंदगी दी है। लंबे समय से दर्द से जूझ रही महिला अब पूरी तरह स्वस्थ है। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन का आभार जताया है।
जानकारी के अनुसार कैराना निवासी गीता देवी (32 वर्ष) पिछले करीब 8 महीनों से पेट दर्द और गंभीर परेशानी से जूझ रही थी। कई जगह उपचार कराने के बावजूद उन्हें सही राहत नहीं मिल सकी। अधिकांश चिकित्सकों ने उन्हें बड़े शहरों जैसे दिल्ली में इलाज कराने की सलाह दी, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार वहां जाने में असमर्थ था।
इसी दौरान एक परिचित की सलाह पर गीता देवी को शामली स्थित न्यू लाइफ केयर हॉस्पिटल लाया गया, जहां सर्जन डॉ. रिहान जैदी ने जांच के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया। सफल सर्जरी के दौरान महिला के पेट से करीब 12 किलो की गांठ निकाली गई। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति सामान्य है और वह स्वस्थ बताई जा रही है।
परिजनों ने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत यह ऑपरेशन निशुल्क हुआ, जिससे उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिली। उन्होंने कहा कि पहले वे बीमारी को लेकर काफी भ्रमित और डरे हुए थे, लेकिन यहां सही इलाज मिलने से उनकी चिंता दूर हो गई।
डॉ. रिहान जैदी ने बताया कि महिला लंबे समय से संक्रमण और दर्द से पीड़ित थी। समय पर ऑपरेशन होने से उसकी जान बच गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गांठें अक्सर हार्मोनल असंतुलन के कारण विकसित हो सकती हैं, इसलिए समय पर जांच, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण बेहद जरूरी है।

Post a Comment

0 Comments