शिविर के तीसरे दिन "युवा मतदाता,सशक्त लोकतंत्र" विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता में सानिया यूनुस ने प्राप्त किया प्रथम स्थान।
विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कैराना शामली की राष्ट्रीय सेवा योजना प्रथम इकाई द्वारा वार्ड 28, आर्यपुरी,कैराना में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन बुधवार को प्राचार्य डॉ हरेंद्र सिंह के संरक्षण एवम कार्यक्रम अधिकारी डॉ डॉली के नेतृत्व में एनएसएस स्वयंसेवकों ने मतदाता पंजीकरण एवम एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम) विषय पर जागरूकता रैली निकाली साथ ही "युवा मतदाता, सशक्त लोकतंत्र" विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लिया।
शिविर के तीसरे दिन की व्यवस्था और साज सज्जा एनएसएस स्वयंसेवकों की टीम गुरु गोविंद सिंह ने की जिसमें टीम लीडर मो. अयान, को लीडर मीनू एवम अमजद, पीनू कुमार, प्राक्षी, फरीन, अर्पण,सचिन कुमार,सागर शर्मा,सादिक सदस्य के रूप में अपने उत्तरदायित्वों को पूर्ण जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निभाया।
बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि डॉ नीतू त्यागी विभाग प्रभारी अंग्रेजी विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कैराना ने "सोशल मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रभाव" विषय पर अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि युवाओं को सोशल मीडिया का प्रयोग करते समय सावधान रहना आवश्यक है साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस युग में जानकारी ही बचाव है।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती सुधा वर्मा सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य दिगंबर जैन कन्या इंटर कॉलेज कैराना ने स्वयंसेवकों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन ,सकारात्मक दृष्टिकोण,समय प्रबंधन, पुस्तके पढ़ने की आदत विकसित कर एक संतुलित और समाज उपयोगी जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय आर्यपुरी के प्रधानाचार्य श्री वसी हैदर ने छात्र एवम छात्राओं को जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज एवम राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता डॉ मीनाक्षी धीमान, ओरल एंड जनरल हेल्थ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कैराना ने स्वयंसेवियों को बताया कि स्वच्छता एवं स्वास्थ्य मानव जीवन के अभिन्न अंग है।व्यायाम ,संतुलित खानपान व सकारात्मक सोच एक स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने स्वयंसेवियों को सर्वाइकल कैंसर के कारण, बचाव, वैक्सीन आदि के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की साथ ही छात्राओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता,खानपान के विषय महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। स्वयंसेवियों के लिए आयोजित काउंसलिंग सत्र में डॉ मीनाक्षी धीमान ने उनकी जिज्ञासाओं और प्रश्नों का समाधान कर मार्गदर्शन प्रदान किया साथ ही छात्राओं को सेनीटरी पैड वितरित किए।
शिविर के तीसरे दिन की व्यवस्था संभाल रही टीम गुरु गोविन्द सिंह ने अतिथियों को स्मृति चिह्न के रूप में पौधा प्रदान किया। साथ ही टीम ने कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय आर्यपुरी के प्रधानाचार्य श्री वसी हैदर को विद्यालय के छात्र एवम छात्राओं के लिए फर्स्ट एड बॉक्स एवम दो डस्टबिन डोनेट किए।
तीसरे दिन आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में सानिया यूनुस बीएससी तृतीय सेमेस्टर ने प्रथम स्थान, आंचल एमए प्रथम ने द्वितीय स्थान तथा ईशा बीए प्रथम सेमेस्टर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राष्ट्रगान के पश्चात कार्यक्रम का समापन हो गया।

0 Comments