सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर का शुभारंभ, युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए किया प्रेरित


कैराना। विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रथम इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का सोमवार को वार्ड-28 आर्यपुरी स्थित कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। शिविर 16 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

शिविर के प्रथम दिन स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई और साज-सज्जा की। उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरेंद्र सिंह, मुख्य अतिथि डॉ. राम कुमार तथा विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में फीता काटकर किया गया। इसके बाद युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ। स्वयंसेवकों ने अतिथियों का बैज अलंकरण कर स्वागत किया और एनएसएस लक्ष्य गीत का गायन करते हुए संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. डॉली ने सात दिवसीय शिविर की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य अतिथि डॉ. राम कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं के बहुआयामी विकास का सशक्त माध्यम है और इसके जरिए छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा व मानवीय मूल्यों को विकसित कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों को “माय भारत पोर्टल” के बजट क्वेस्ट-2026 में भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया।

प्राचार्य डॉ. हरेंद्र सिंह ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को हर बच्चे का अधिकार बताते हुए स्वयंसेवकों से अपने ज्ञान का लाभ समाज और देश को देने का आह्वान किया। वक्ताओं ने आयुष्मान भारत सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

समारोह के अंत में स्वयंसेवकों ने अतिथियों को स्मृति-चिह्न स्वरूप पौधे भेंट किए। कार्यक्रम के सफल संचालन में अनेक स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही। राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन समारोह का समापन हुआ।

Post a Comment

0 Comments