एनएसएस युवा शक्ति के सार्थक संदोहन के लिए एक सशक्त माध्यम - तनवीर सैफ़ी


कैराना।विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कैराना शामली की राष्ट्रीय सेवा योजना प्रथम इकाई द्वारा वार्ड 28, आर्यपुरी,कैराना में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को एनएसएस स्वयंसेवकों ने एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ डॉली के नेतृत्व में मेरा युवा भारत जनपद शामली के सहयोग से युवा कार्यक्रम एवम खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा माय भारत पोर्टल के माध्यम से चलाए जा रहे बजट क्वेस्ट 2026 के विषय में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने रैली निकाली तथा कैराना में सार्वजनिक स्थानों तथा कैराना स्थित सेंट आर सी कॉन्वेंट स्कूल, स्वामी विवेकानंद पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल से संपर्क स्थापित कर स्कूलों में बजट क्वेस्ट 2026 संबंधी पोस्टर लगाए ताकि अधिक से अधिक युवा इसमें ऑनलाइन प्रतिभाग कर सके।
      शिविर के दूसरे दिन की व्यवस्था और साज सज्जा संभाल रही टीम ईको वॉरियर्स के लीडर कपिल कुमार , को लीडर साईन व वरिष्ठ एनएसएस स्वयंसेविका अजरा मिर्जा के नेतृत्व में टीम के सदस्यों द्वारा सर्वप्रथम शिविर स्थल की साफ सफाई एवम साज सज्जा की गई तत्पश्चात समस्त स्वयंसेवियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत का गायन किया।
       शिविर के द्वितीय सत्र के अंतर्गत मुख्य वक्ता के रूप में अपनी टीम के सदस्यों मो.सदाकत, प्राची सैनी एवम उम्मीद शाह के साथ आमंत्रित एनआईआईसीटीसी कंप्यूटर लैब,कैराना के संचालक श्री तनवीर सैफी द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित किया गया।उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों को भारत के संविधान की प्रस्तावना में वर्णित संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कराने के लिए स्वयंसेवियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया। डिजिटल इंडिया विषयक कार्यशाला में स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए श्री तनवीर सैफी ने स्वयंसेवियों को भारत सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम डिजिटल इंडिया के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान करते हुए डिजिलॉकर,उमंग ऐप , ई वॉलेट, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने स्वयंसेवियों को समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया, आपार एवम डिजिलॉकर पर आईडी बनाने की प्रक्रिया को समझाया। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवियों को भारत सरकार के महत्वपूर्ण पोर्टल माय भारत के विषय में अवगत कराया साथ ही माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण, एक्सपीरिएंशल लर्निंग प्रोग्राम में भाग लेने तथा सीवी बनाने की प्रक्रिया को समझाया। कार्यशाला में उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट तथा एमएसएमई डॉट जीओवी डॉट इन के विषय में भी विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
     कार्यक्रम के अंत में टीम ईको वॉरियर्स के स्वयंसेवकों साईन, उस्माना, मुस्कान अंसारी,मारिया,कपिल कुमार,नितिन कुमार,आर्यन,आकाश,उमंग शर्मा,प्रिंस द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह के रूप में पौधा भेंट किया। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ डॉली द्वारा सभी के प्रति आभार प्रकट किया गया।

Post a Comment

0 Comments