कैराना। एडीएम शामली सत्येंद्र कुमार सिंह ने कैराना पहुंचकर तहसील प्रांगण में स्थित विभिन्न न्यायालयों एवं कार्यालयों का गहन किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति, विचाराधीन मामलों के पारदर्शी व निष्पक्ष निस्तारण तथा दस्तावेजों के बेहतर रख-रखाव के निर्देश दिए।
गुरुवार प्रातः करीब 11 बजे अपर जिलाधिकारी शामली सत्येंद्र कुमार सिंह कैराना तहसील के वार्षिक निरीक्षण पर पहुंचे। जहां पर तहसील प्रांगण में पहुंचने पर एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज एवं तहसीलदार अर्जुन चौहान ने उनका स्वागत किया। इसके बाद, उन्होंने तहसील परिसर में स्थित विभिन्न न्यायालयों का निरीक्षण करके लंबित वादों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विचाराधीन वादों का शीघ्र एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, पुरानी पत्रावलियों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा। एडीएम ने तहसीलदार से राजस्व वसूली की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वर्तमान वित्तीय वर्ष के राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने को कहा। एडीएम ने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेकर उनके गुणवत्तापूर्ण एवं धरातलीय निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों व प्रार्थना-पत्रों के धरातलीय निस्तारण पर बल दिया। अपर जिलाधिकारी ने एसआईआर के तहत जारी किए गए नोटिसों की सुनवाई की स्थिति की भी समीक्षा की। एडीएम ने रजिस्ट्रार-कानूनगों ऑफिस, खतौनी कक्ष, रिकॉर्ड रूम, राजस्व लिपिक कार्यालय, स्टेनो ऑफिस समेत विभिन्न कार्यालयों का गहन निरीक्षण करके आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने तहसील कार्यालयों एवं परिसर की सफाई-व्यवस्था को और बेहतर करने को कहा। इस दौरान एसडीएम निधि भारद्वाज, तहसीलदार अर्जुन चौहान, नायब तहसीलदार सतीश यादव, आपूर्ति निरीक्षक मदनपाल सिंह व शौदान सिंह, राजस्व निरीक्षक अरुण कुमार, देवानंद व विनोद कुमार, स्टेनो दुष्यंत राणा, लेखपाल लवकेश तंवर, अनुराग पंवार, विजित पंवार आदि मौजूद रहे।

0 Comments