कस्बा कैराना के बेनामा लेखक हाजी तस्लीम की सगी बहन 27 वर्षीय नाहिद अंजुम का दीर्घकालीन बीमारी के बाद आज निधन हो गया, जिससे परिजनों सहित पूरे मोहल्ला सिदर्यान व नगर में शोक की लहर फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें उपचार हेतु तत्काल करनाल के अस्पताल ले जाया जा रहा था, किंतु रास्ते में ही उनका देहांत हो गया।
हाजी तस्लीम के अनुसार स्वर्गीय नाहिद अंजुम लंबे समय से मधुमेह रोग से पीड़ित थीं और उनका नियमित उपचार चल रहा था, परंतु बीती रात स्वास्थ्य में आई अचानक गिरावट घातक सिद्ध हुई। वे अत्यंत सरल स्वभाव की, मिलनसार तथा धार्मिक आस्था रखने वाली महिला थीं। उनका जीवन सादगी, उपासना और श्रेष्ठ आचरण का उदाहरण रहा, जिसके कारण उन्हें परिवार और परिचितों में विशेष सम्मान प्राप्त था।
पारिवारिक जनों में एक पुत्री हैं। उनका विवाह जनपद सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में हुआ था। जनाज़े में नगर की अनेक सम्मानित हस्तियों एवं बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक व्यक्त करने वालों में विशेष रूप से रियासत अली ताबिश, अंसार सिद्दीकी, इहतिशामुल हक उस्मानी, हाजी इरफ़ान खान, हाजी हाशिम, डॉ सलीम फारूकी, इरफ़ान सिद्दीकी, हाजी साजिद, अतीक शाद, डॉ अजमतुल्ला खान, हाजी अफ़ज़ाल, नदीम अहमद तथा मास्टर ताहिर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके उपरांत स्वर्गीय नाहिद अंजुम को उस्मानी कब्रिस्तान, नवाब तालाब के निकट सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया। उनके निधन पर नगरवासियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

0 Comments