भोले के जयकारों से गूंज उठे शिवालय-शिवालयों में उमड़ी शिवभक्तों की भीड़, जल से किया गया भगवान शिव का अभिषेक


कैराना : सनातन धर्म का पावन पर्व महाशिवरात्रि नगर व देहात क्षेत्र में श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया गया। शिवभक्तों ने शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव को जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। बम भोले के जयकारों से शिवालय गूंज उठे।

     महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर नगर के शिवालय गत शनिवार रात्रि ही सज गए थे। रविवार प्रातःकाल से ही शिवभक्तों की भीड़ शिवालयों में उमड़ पड़ी। नगर के प्राचीन सिद्धिपीठ बाबा बनखंडी महादेव मंदिर परिसर में सुबह के समय ही महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की कतार दिखाई दी। भगवान शिव को जलाभिषेक के लिए हर कोई आतुर नजर आया।श्रद्धालुओं ने जल, चंदन, गुलाल आदि से भगवान शिव का अभिषेक किया। इसके अलावा बेलपत्र, फल, पान, कच्चे चावल, जौ, मिठाईयां, दूध व गंगा जल आदि चढ़ाकर रुद्राभिषेक किया गया। शिवभक्तों ने विशेष पूजा अर्चना कर सम्पूर्ण संसार की सुख- समृद्धि की कामना की। शंखनाद व बमभोले के जयकारों से शिवालय गुंजायमान हो गए। भक्तों के चेहरों पर झलक रही खुशी उनके ह्रदय में व्याप्त आनन्द को बयां कर रही थी। उधर कोतवाली प्रभारी समयपाल अत्री व्यवस्था बनाये रखने हेतु पुलिस-फोर्स के साथ मंदिर परिसर का भ्रमण कर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।  
----

Post a Comment

0 Comments