17 फरवरी को हज यात्रियों के लिए विशेष टीकाकरण शिविर, 192 जायरीन होंगे लाभान्वित


कैराना,15 फरवरी। शामली जिले के हज यात्रियों के लिए 17 फरवरी को विशेष टीकाकरण शिविर कैराना में आयोजित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार हज 2026 पर रवाना होने वाले यात्रियों का टीकाकरण सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मदरसा अशाअतुल इस्लाम, पानीपत रोड कैराना में किया जाएगा।

आदेश में डॉ. पंकज बंसल, डॉ. विपिन कुमार, डॉ. मीनाक्षी, फार्मासिस्ट मोहम्मद अली, स्टाफ नर्स निर्मला, नरेश शर्मा, संजू और रीना, वार्ड बॉय सुरेंद्र व रविंद्र तथा चपरासी साहिल वीर को ड्यूटी सौंपी गई है। सभी को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर टीकाकरण कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही आदेश की प्रतिलिपि निदेशक हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर उत्तर प्रदेश, मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, अपर निदेशक सहारनपुर मंडल, जिलाधिकारी शामली, सीएचसी कैराना अधीक्षक समेत संबंधित विभागों को भी भेजी गई है, ताकि व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा सकें।

हज ट्रेनर हाजी हाशिम के अनुसार शिविर का उद्घाटन एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज, कोतवाली इंस्पेक्टर समय पाल अत्री, जिला समाज कल्याण अधिकारी मैत्री रस्तोगी, डीआईओ करण चौधरी, सीएचसी अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र चौरसिया, उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति सदस्य कामरान खान, मदरसा अशाअतुल इस्लाम के मौलाना बरकतुल्लाह अमीनी और पत्रकार संगठन कैराना के अध्यक्ष सुधीर चौधरी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर में कुल 192 हज यात्रियों का टीकाकरण किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल बनाया जाए।

Post a Comment

0 Comments