कस्बे के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी कैराना में दवाओं की कमी का मुद्दा उस समय फिर सामने आ गया, जब यहां तैनात चर्चित डॉक्टर का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। डॉक्टर ने वीडियो में कहा कि “हमारा काम दवा लिखना है, जब पीछे से सप्लाई ही नहीं आ रही तो हम क्या दें,” जिसके बाद लोगों में नाराज़गी और चिंता दोनों देखी जा रही हैं।
बताया जाता है कि बीते दिनों मोहल्ला छड़ियान का एक बुज़ुर्ग मरीज इलाज कराने अस्पताल पहुंचा। जांच के बाद डॉक्टर ने दवा लिखकर लेने को कहा, लेकिन जब मरीज फार्मेसी काउंटर पर गया तो वहां संबंधित दवाएं उपलब्ध नहीं थीं। इस पर बुज़ुर्ग ने नाराज़गी जताते हुए सवाल किया कि जब दवा है ही नहीं तो लिखी क्यों गई। इसी दौरान गुस्से में उसने पर्चा फाड़कर फार्मासिस्ट की ओर फेंक दिया, जो निश्चित रूप से अनुचित व्यवहार था।
मामला यहीं नहीं रुका, बल्कि डॉक्टर ने इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दी, जिसमें उन्होंने दवाओं की सप्लाई न होने की बात कही। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में यह धारणा मजबूत हुई कि अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं की कमी गंभीर स्तर पर है और मरीजों को इलाज में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मरीज पहले ही बीमारी और परेशानी से जूझते हुए अस्पताल आते हैं, ऐसे में दवाओं का न मिलना उनकी मुश्किलों को और बढ़ा देता है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग से तत्काल संज्ञान लेकर अस्पताल में दवाओं की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि मरीजों को राहत मिल सके और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा कायम रहे।

0 Comments