मजदूर को बेल्टों व सरिया से पीटा, गमछे से फांसी देने का प्रयास


कैराना। युवक ने दो सगे भाइयों समेत चार लोगों पर उसके साथ में बेल्टों व सरिया से मारपीट करने तथा गमछे से गला घोटकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पर तहरीर दी है।

कस्बे के मोहल्ला दरबारखुर्द रेतेवाला निवासी शहजाद ने कोतवाली पुलिस को शिकायती-पत्र दिया है। बताया कि वह नगर के अलीपुर मार्ग पर स्थित एक चम्मच फैक्ट्री में काम करता है। सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह फैक्ट्री में काम करने के पश्चात अपने घर के लिए जा रहा था। फैक्ट्री से थोड़ा दूर पहुंचते ही चार लोगों ने माँ-बहन की गंदी-गंदी गालियां देते हुए उसे ईंख के खेत में खींच लिया। आरोपियों ने उसे रस्सी से बांधकर बेल्टों व सरिया से मारना-पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने गले में गमछा डालकर उसकी हत्या करने का भी प्रयास किया। शोर मचाने पर मार्ग से गुजर रहे राहगीर वहां पर इकट्ठा हो गए, जिस पर आरोपी आइंदा मौका मिलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। आरोपियों के हमले में वह बुरी तरह से घायल हुआ है। पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग की है। आरोप है कि हमलावरों में बदलूगढ़ के दो सगे भाई भी शामिल है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments