कैराना के व्यस्ततम इलाकों में शामिल कांधला तिराहा (शहीद चौक) के पास लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी की खाली पड़ी जमीन को इंटरलॉकिंग दीवार बनाकर घेर लेने के बाद क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले इस खाली जमीन पर अवैध टैक्सियां खड़ी रहती थीं, जिससे मुख्य सड़क पर कुछ हद तक जगह बनी रहती थी। अब दीवार बनने के बाद ये सभी वाहन सड़क और आसपास की गलियों में खड़े हो रहे हैं, जिससे रास्ता संकरा हो गया है और जाम की स्थिति बन रही है।
हालांकि, लोगों का कहना है कि दीवार बनने से यहां लंबे समय से लगे कूड़े के ढेर ढक गए हैं और भविष्य में गंदगी फैलने की संभावना भी कम हो जाएगी, लेकिन ट्रैफिक की समस्या अब बड़ा मुद्दा बन गई है।
तिराहे के सामने स्थित प्राइवेट बस स्टैंड के कारण पहले से ही यहां भीड़ रहती है। ऐसे में नई व्यवस्था से स्थिति और गंभीर हो गई है। दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि व्यस्त समय में सड़क पार करना भी मुश्किल हो जाता है और अक्सर जाम लग जाता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए वैकल्पिक पार्किंग या टैक्सी स्टैंड की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और क्षेत्र में सुचारु आवागमन बहाल हो सके।

0 Comments