खतरे के करीब पहुंचकर 103 सेंटीमीटर घटा यमुना का बहाव


:-ड्रेनेज विभाग एवं तटवर्ती क्षेत्र के लोगो ने ली राहत की सांस
:-रविवार को क्षेत्र में चेतावनी बिंदु को पार कर गई थी यमुना

कैराना। हथिनीकुंड बैराज से दो दिन पूर्व प्रवाहित किये गए 2.51 लाख क्यूसेक पानी से कैराना में उफान पर पहुंची यमुना नदी के जलस्तर में 103 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई है। यमुना का जलस्तर घटने से ड्रेनेज विभाग तथा तटवर्ती क्षेत्र के बाशिंदों ने राहत महसूस की है। सोमवार को क्षेत्र में यमुना चेतावनी बिंदु से 90 सेंटीमीटर नीचे बह रही थी।

पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक हुई भारी बारिश के चलते हथिनीकुंड बैराज से विगत शनिवार दोपहर दो बजे अधिकतम 2.51 लाख क्यूसेक पानी यमुना नदी में प्रवाहित किया गया था। रविवार को इस पानी के कैराना पहुंचते ही यमुना नदी एक बार फिर से उफान पर आ गई थी, जिससे तटवर्ती क्षेत्र के खेतों में खड़ी फसलें जलमग्न हो गई थी। यमुना का जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार करके 231.13 मीटर के सूचकांक पर पहुंच गया था। जहां से खतरे का निशान महज 37 सेंटीमीटर ऊपर रह गया था। कैराना में यमुना का चेतावनी बिंदु 231.00 मीटर तथा खतरे का निशान 231.50 मीटर पर निर्धारित किया गया है। यमुना के उफान पर आने से खादर क्षेत्र के लोगो की धड़कने भी बढ़ गई थी। वही, हथिनीकुंड बैराज से प्रवाहित किए जा रहे पानी की मात्रा में कमी आने पर सोमवार को क्षेत्र में यमुना के जलस्तर में भी 103 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज गई, जिसके बाद शाम चार बजे तक कैराना में यमुना का जलस्तर 230.10 मीटर पर आ गया। अब यमुना चेतावनी बिंदु से 90 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। ड्रेनेज विभाग के सहायक अभियंता राजेन्द्र सिंह ने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से कम मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके चलते यमुना का जलस्तर नीचे आया है। यमुना चेतावनी बिंदु से 90 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। बैराज से सोमवार प्रातः आठ बजे 37,969 क्यूसेक व शाम चार बजे 38,851 क्यूसेक पानी यमुना में डिस्चार्ज किया गया है। फिलहाल खतरे की कोई बात नही है।

Post a Comment

0 Comments