क्षेत्र गांव मंडावर व नंगला राई में नियम विरूद्ध यमुना को छलनी कर रहे ठेकेदार।कब होगी कार्रवाई।


- एनजीटी की गाइडलाइन की खुलेआम उड़ाई जा रही धज्जियां।

- बहती जलधारा को प्रभावित करने की चल रही कोशिशें।

- ओवरलोड वाहनों का संचालन भी धड़ल्ले से जारी।

कैराना । कैराना के मंडावर व नंगला राई में ठेकेदार एनजीटी की गाइडलाइन को ठेंगे पर रखकर बहती जलधारा को प्रभावित करने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। भारी-भरकम मशीनों से नियमों के विरूद्ध यमुना नदी की कोख छलनी की जा रही है। रेत के ओवरलोड वाहनों का संचालन बेरोकटोक धड़ल्ले से जारी है। इस पूरे खेल में सरकार को भारी राजस्व की हानि पहुंचाई जा रही है। यमुना तटबंध पर भी खतरा मंडराता दिखाई दे रहा है।

कैराना क्षेत्र के गांव मंडावर व नगला राई में यमुना खादर में वैध बालू खनन पट्टा चल रहा है। वैसे तो मानकों के अनुरूप ही खनन किए जाने की अनुमति दी गई है, लेकिन यहां खनन ठेकेदार एनजीटी की गाइडलाइन की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। तमाम नियम-कायदों को धताते हुए भारी-भरकम मशीनों से यमुना नदी का सीना चीर रहे हैं। बहती जलधारा के बीच में पॉर्कलेन मशीनों से हजारों टन रेत निकाली जा रही है। पहले माफिया जलधारा के बीच से रेत निकाल कर बड़े-बड़े टीले लगा लेते हैं और फिर वाहनों में ओवरलोड तरीके से भरकर भेजा जा रहा है। इससे यही प्रतीत होता है कि यहां ठेकेदार बेलगाम हो गए हैं। ठेकेदार की करतूत के चलते सरकार को प्रतिमाह भारी राजस्व की हानि पहुंचाई जा रही है। बताया जाता है कि मंडावर व नगला राई में आवंटित पट्टे नियम विरूद्ध खनन किए जाने को लेकर भी चर्चित रह चुका है। मंडावर में खनन ठेकेदार यमुना नदी की जलधारा को प्रभावित कर रेत की दीवार बनाने में जुटे है।

--

रेत के ओवरलोड वाहन तोड़ रहे सड़कें

यमुना नदी की बहती जलधारा को प्रभावित करने की कोशिशें कर खनन ही नहीं कर रहे हैं, बल्कि ओवरलोड रेत के वाहन भी मंडावर, नगला राई खनन स्थल से निकलते नजर आते हैं। सरपट दौड़ने वाले ओवरलोड वाहनों के कारण सड़कों की हालत दिनोंदिन बदतर होती जा रही है। यमुना तटबंध की दुर्दशा हो रही है। दूसरी ओर, जब-तब पुलिस रेत के ओवरलोड वाहन को पकड़कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का दावा जरूर करती है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने के चलते इन वाहनों पर पूरी तरह से अंकुश नहीं लग पाता है। परिवहन विभाग तो आंखें मूंदें बैठा है। ओवरलोड वाहनों के संचालन से हादसे की आशंका भी बनी रहती है।
----

Post a Comment

0 Comments