जानलेवा हमले के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने की कार्रवाई


- गत सोमवार को खुरगान रोड पर सरफराज और उसकी बहन से मारपीट का मामला, सात नामजद समेत कई अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा

कैराना। खुरगान रोड पर युवक और उसकी बहन के साथ गाली-गलौज, मारपीट व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में सात नामजद समेत चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के अनुसार, कस्बे के मोहल्ला खैलकलां खुरगान रोड निवासी रेशमा पत्नी सरफराज ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि 19 अक्टूबर को उसके पति सरफराज और ननद के साथ फुरकान आदि ने एक राय होकर गाली-गलौज व मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला भी किया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सात नामजद व चार-पांच अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी शामली एनपी सिंह ने कोतवाली प्रभारी को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। मंगलवार को क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में इस्सोपुर खुरगान निवासी मुकरीम पुत्र मुस्तकीम, शाहरुख पुत्र मतलूब तथा गांव मलकपुर निवासी अभिनन्दन पुत्र राकेश, एहसान पुत्र महबूब और फुरकान पुत्र वसे शामिल हैं।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल एकता नागर, रवि कुमार और कांस्टेबल हरेन्द्र शर्मा शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments