जमीन के सौदे में 13 लाख रुपये हड़पने का आरोप, बैनामा करने से इनकार



कैराना। कृषि भूमि खरीदने के नाम पर 13 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूरी रकम लेने के बावजूद जमीन मालिक ने बैनामा करने से साफ इनकार कर दिया। खरीदारों ने जब अपने रुपये वापस मांगे तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ग्रामीणों ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव बराला निवासी सावेज व अन्य ग्रामीणों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने गांव भूरा निवासी शहजाद उर्फ सादा पुत्र नियाजा से कृषि भूमि खरीदने का सौदा किया था। आरोप है कि शहजाद ने पूरी रकम मिलने पर जमीन का बैनामा उनके नाम कराने का भरोसा दिया था। इसके चलते उन्होंने जून माह से अब तक अलग-अलग किस्तों में कुल 13 लाख रुपये दे दिए, जिनमें कुछ रकम ऑनलाइन तथा शेष नकद दी गई थी।

पीड़ितों के अनुसार, 12 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे वे गांव भूरा पहुंचे और शहजाद से जमीन का बैनामा कराने को कहा। आरोप है कि उसने बैनामा करने से साफ इनकार कर दिया। इस पर खरीदारों ने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी ने रुपये लौटाने से भी मना कर दिया।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि शहजाद ने दोबारा रकम मांगने अथवा कहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इससे पीड़ितों में भय और आक्रोश है। उन्होंने 17 अक्टूबर को कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर मामले में रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Post a Comment

0 Comments