कैराना। सेंट आरसी साइंटिफिक कान्वेंट स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय निदेशक, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया।
विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश पर विचार प्रस्तुत किए। दांडी मार्च और शास्त्री जी के प्रेरक जीवन प्रसंगों को भी याद किया गया।
प्रधानाचार्य यशस्वी पंवार ने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। विद्यालय निदेशक यशपाल पंवार ने स्वच्छता, सच्चाई और चरित्र निर्माण पर जोर देते हुए छात्र-छात्राओं को घर, विद्यालय और समाज को स्वच्छ रखने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य पवन वशिष्ठ सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

0 Comments