मुख्य मार्ग पर पुलिस ने चलाया विशेष चेकिंग अभियान, सभी चौकी क्षेत्रों में जारी रहेगी कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती
कैराना। नगर में बुलेट मोटरसाइकिलों से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने वाले बाइक चालकों के खिलाफ शुक्रवार को पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य मार्ग पर बुलेट मोटरसाइकिलों की जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे गए। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से बाइक चालकों में खलबली मची रही।
शुक्रवार को कैराना के मुख्य मार्ग पर पुलिस टीम ने बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सड़क से गुजरने वाली बुलेट बाइकों को रुकवाकर उनके साइलेंसर की जांच की गई। विशेष रूप से उन मोटरसाइकिलों पर नजर रखी गई, जिनसे पटाखे जैसे तेज धमाके किए जाते हैं। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली बाइकों के चालान काटकर कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि बुलेट मोटरसाइकिलों में तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसे धमाके करने से राहगीरों और आसपास के लोगों को परेशानी होती है। अचानक होने वाले धमाकों से सड़क पर चलने वाले लोग भी चौंक जाते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस ने ऐसे बाइक चालकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।
चेकिंग अभियान के दौरान उपनिरीक्षक वेदपाल सिंह, सीसीटी टीम प्रभारी कांस्टेबल नीरज वर्मा और होमगार्ड अरशद चौहान मौजूद रहे।
वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि बुलेट मोटरसाइकिलों से पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों के खिलाफ सभी चौकी क्षेत्रों में अभियान जारी है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments