कैराना। तीतरवाड़ा चौकी प्रभारी पवन कुमार पर अवैध वसूली, आरोपियों को संरक्षण देने और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने के गंभीर आरोप लगे हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता खड़क सिंह चौहान ने डीआईजी सहारनपुर को शिकायती पत्र भेजकर चौकी प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
गांव खेड़ी बुच्चा निवासी अधिवक्ता ने शिकायत में आरोप लगाया कि चौकी प्रभारी ने अधिवक्ता अनिल कुमार से मिलीभगत कर उनके पुत्र को करीब पांच लाख रुपये का आर्थिक नुकसान पहुंचाया। चार अक्टूबर 2025 को फसल में गंदा पानी डालकर नुकसान पहुंचाने की शिकायत की गई थी। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने बिना किसी समझौते के उच्चाधिकारियों को दोनों पक्षों में सुलह होने की गलत जानकारी दे दी।
शिकायत में एक अन्य प्रकरण का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया कि अधिवक्ता अंकुर शर्मा को चैंबर में धमकी दिलाने के मामले में भी चौकी प्रभारी ने आरोपी का पक्ष लिया। कैराना कोतवाली और पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। वरिष्ठ अधिवक्ता ने चौकी प्रभारी पर अवैध उगाही और गलत रिपोर्ट देने के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

0 Comments