जगनपुर गन्ना तौल केंद्र पर पहुंचे सहायक महाप्रबंधक, साफ-सफाई के निर्देश


कैराना। मंगलवार को शामली शुगर मिल के सहायक महाप्रबंधक केन सुशील पंवार गांव कण्डेला के मुख्य मार्ग पर स्थित जगनपुर गन्ना तौल केंद्र पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर मौके पर मौजूद पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सिविल कांट्रेक्टर अजय कुमार व लेबर कांट्रेक्टर अबरार अली को तौल केंद्र के प्लाट में भरे पानी को बाहर निकलवाने तथा मिट्टी आदि डलवाकर भूमि को समतल कराने को कहा। साथ ही, प्लाट में खड़े घास-फूस एवं झाड़ियों को हटवाकर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। असिस्टेंट जनरल मैनेजर केन ने बताया कि गन्ना पेराई सत्र 2026-27 के दृष्टिगत शुगर फैक्ट्री से जुड़े तौल केंद्रों के निरीक्षण का कार्य चल रहा है। इसके तहत, तौल केंद्रों के प्लाटों की भूमि की साफ-सफाई व समतलीकरण आदि का कार्य कराया जा रहा है। आगे बताया कि जगनपुर तौल केंद्र से गन्ना उठाने वाली गाड़ियों की संख्या चार से बढ़ाकर पांच कर दी गई है। इसके अलावा, प्लाट के क्षेत्रफल को बढ़ाने पर भी गम्भीरता से विचार किया जा रहा है। सहायक महाप्रबंधक ने बताया कि मिल प्रबंधन पेराई सत्र को निर्धारित समय पर शुरू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दौरान शुगर मिल की ओर से तैनात किए गए कण्डेला व जगनपुर के पर्यवेक्षक पंकज कुमार, योगेंद्र पाल तथा राजेन्द्र चौहान आदि मौजूद रहे। विदित रहे कि जगनपुर गन्ना तौल केंद्र शामली शुगर मिल का सबसे बड़ा सेंटर है, जिस पर गांव कण्डेला, जगनपुर, हिंगोखेड़ी व शेखूपुरा के सैंकड़ों किसान अपना गन्ना डालते है। पिछले पेराई सत्र में चारों गांवों के किसानों के द्वारा 2.63 लाख कुंतल गन्ना इस सेंटर पर डाला गया था।

Post a Comment

0 Comments