हिरनवाड़ा में आरक्षण और यूजीसी मुद्दे पर पंचायत, आर्थिक आधार पर आरक्षण की उठी मांग।




क्षेत्र के गांव हिरनवाड़ा में मंगलवार शाम करीब 6:00 बजे गांव की चौपाल पर आरक्षण व्यवस्था और यूजीसी रोल बैक के मुद्दे को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव एवं आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने भाग लिया और विभिन्न सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक को संबोधित करते हुए ठाकुर लाखन सिंह, जिलाध्यक्ष राजपूत उत्थान समिति शामली ने कहा कि आरक्षण जाति के बजाय आर्थिक आधार पर होना चाहिए, ताकि समाज के प्रत्येक आर्थिक रूप से जरूरतमंद व्यक्ति को इसका समान रूप से लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को समान अवसर और समान अधिकार मिलना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल भावना है।
बैठक में यूजीसी रोल बैक के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने इस विषय पर सरकार की नीतियों और विभिन्न पहलुओं को लोगों के समक्ष रखा तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
सभा में उपस्थित लोगों ने सरकार से आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग करते हुए इस जनजागरण अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही एक तिथि निर्धारित कर क्षेत्र स्तर पर एक बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस मौके पर बलराम राणा, कुलदीप राणा, रामशरण, रामभूल फौजी सहित अनेक ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments