कैराना। गुरुवार को दिनभर हुई बारिश के चलते नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। वहीं, नेशनल हाईवे-709एडी पर यमुना पुल से आगे गांव मवी के सामने स्थित काकोर-मावी अंडरपास की सर्विस रोड पर कई फीट पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित रहा। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रही।
ग्रामीण विकास मुखिया विकास मवी ने बताया कि हाईवे किनारे जल निकासी के लिए छोड़ी गई भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। इसके कारण वर्षा का पानी निकलने का रास्ता अवरुद्ध हो गया है और सर्विस रोड पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। उनका कहना है कि सड़क किनारे लगाए जाने वाले पेड़ भी नियमानुसार सड़क से पर्याप्त दूरी पर लगाए जाने चाहिए थे, लेकिन अतिक्रमण के चलते उन्हें सड़क के बिल्कुल समीप लगाना पड़ा, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीण विकास मुखिया विकास मवी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से हाईवे किनारे हुए अतिक्रमण को हटवाने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप पौधारोपण सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान जलभराव और हादसों की आशंका से बचा जा सके।

0 Comments