तिरंगा यात्रा से गूंजा कांधला, देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प


कांधला। कस्बे में बुधवार को देशभक्ति और उत्साह के माहौल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में युवाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।
चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थल से शुरू हुई तिरंगा यात्रा रेलवे रोड और मुख्य बाजार से होते हुए अब्दुल हमीद तिराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। देशभक्ति गीतों से पूरा कस्बा राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. रश्मिकांत जैन ने कहा कि देश की संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा से बढ़कर कुछ भी नहीं है। भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों का साहस प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता तथा सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान दे।
तिरंगा यात्रा में ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक, मंडल अध्यक्ष डॉ. रश्मिकांत जैन, मंडल उपाध्यक्ष प्रतिभा उर्फ सिमरन, दीपक गुप्ता, राजीव शर्मा, संजय मित्तल, अशोक चौहान, रवि नामदेव, विष्णु प्रकाश अग्रवाल, मौ. जहांगीर, सादिक जंग, सौरभ चौधरी, हाजी इस्लाम, फैसल बैग, अनिल बोहरा, बदरू जमा, मुनव्वर जंग, अंकित सैनी, हरिमोहन चौहान, सोनू चौहान, डॉ. रणवीर, रज्जो और आबिद समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। समापन पर उपस्थित लोगों ने देश के अमर शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments