🚨 शामली: लूट के आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से बदमाश घायल


शामली के गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस चेकिंग के बीच लूट के आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी ऊन भेजा।

पुलिस के मुताबिक, गढ़ीपुख्ता पुलिस टीम कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत तीतरो पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन संदिग्ध तेज गति से आते दिखाई दिए।

पुलिस ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा करते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपी की पहचान आमिर पुत्र इरफान, निवासी डिडौली खेड़ा, थाना चिलकाना, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। उसके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और 1500 रुपये की नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ लूट की घटना के संबंध में कार्रवाई की जा रही है। मामले में थाना गढ़ीपुख्ता पर वैधानिक कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट — साजिद खान
सच आप तक

Post a Comment

0 Comments