25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार



शामली में कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त गौतम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सिम्भालका अंडरपास के नीचे चेकिंग के दौरान बाइक सवार गौतम को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और फरार होने लगा।

पुलिस ने पीछा किया तो बलवा गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर बाइक फिसलने से आरोपी गिर गया। इसके बाद उसने दोबारा पुलिस पर फायरिंग की। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गौतम के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक पैशन मोटरसाइकिल बरामद की है।

गौतम थाना कोतवाली शामली में दर्ज जानलेवा हमले के मुकदमे में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं।

रिपोर्ट—साजिद खान

Post a Comment

0 Comments