पुलिस ने ऊँचागांव में सोलर पैनल चोरी का किया खुलासा


कैराना। पुलिस ने गांव स्थित एक पेंट की दुकान से सोलर पैनल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध चाकू, चोरी की रकम से संबंधित नकदी, दो चाबियां और एक हथौड़ा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को ऊँचागांव में स्थित एक पेंट की दुकान से अज्ञात चोर सोलर पैनल चोरी कर ले गए थे। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली कैराना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में चोरी एवं लूट की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली कैराना पुलिस ने शुक्रवार रात कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एहसान पुत्र नूर हसन, शाकिर पुत्र सीदा तथा फारुख पुत्र सत्तार, निवासी मोहल्ला रेत्तेवाला, कस्बा एवं थाना कैराना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध चाकू (शाकिर के पास से), 4,640 रुपये नकद, दो चाबियां तथा एक हथौड़ा बरामद किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों का चालान कर दिया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज है, जबकि शाकिर के खिलाफ अवैध चाकू बरामद होने पर आयुध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पवन कुमार, हेड कांस्टेबल आशीष, हेड कांस्टेबल निर्देश तथा आरक्षी नरेंद्रपाल शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments