मायके जाते समय रोडवेज बस की टक्कर से विवाहिता की मौत, सड़क पर शव रखकर परिजनों ने किया हंगामा



थाना बाबरी क्षेत्र के बुटराडा बस स्टैंड पर बुधवार पूर्वाह्न एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण एवं पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और जाम लगाने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस, क्षेत्राधिकारी तथा पीएसी को मौके पर बुलाना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार बुटराडा निवासी निशु (23) पत्नी अरविंद बुधवार सुबह अपने मायके जटपुरा (जनपद सहारनपुर) जाने के लिए घर से निकली थीं। वह अपने जेठ के पुत्र विशू पुत्र सुनील के साथ बाइक से जा रही थीं। सुबह करीब 11:30 बजे जैसे ही दोनों बुटराडा बस स्टैंड के पास पहुंचे, तभी एक रोडवेज बस की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि निशु सड़क पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके साथ मौजूद दो छोटी बच्चियां भी थीं।
मृतका के भाई अजय कुमार ने बताया कि बुधवार को उनकी बहन को देखने के लिए मायके में मेहमान आने वाले थे। इसी कारण वह अपने ससुराल से मायके आने की जिद कर रही थी। ससुराल वालों ने उसे जाने से मना भी किया था, लेकिन वह नहीं मानी और अपने जेठ के बेटे के साथ बाइक से मायके के लिए रवाना हो गई। रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बहन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना आदर्श मंडी और थाना भवन पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। क्षेत्राधिकारी थाना भवन श्याम सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर पीएसी भी बुला ली गई। बाद में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना बाबरी प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक मृतका के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी। तहरीर मिलने पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments