दिल्ली में प्रस्तावित किसान प्रदर्शन में शामिल होने की तैयारी थी, पुलिस कार्रवाई से किसानों में नाराजगी
दिल्ली के किसान घाट पर प्रस्तावित किसान प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के युवा जिलाध्यक्ष राहुल चौधरी को पुलिस ने उनके आवास पर ही रोक दिया। मंगलवार सुबह बाबरी पुलिस के उनके गांव बनतीखेड़ा स्थित आवास पर पहुंचने के बाद राहुल चौधरी को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
राहुल चौधरी के अनुसार, वह अपने युवा साथियों के साथ दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस उनके घर पहुंच गई। उनका आरोप है कि पुलिस ने उन्हें घर से बाहर निकलने से रोकते हुए नजरबंद कर दिया। कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के किसानों में नाराजगी देखने को मिली।
किसान नेताओं का कहना है कि वह शांतिपूर्ण तरीके से प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। ऐसे में उन्हें रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि किसान संगठन अपनी मांगों और जनहित से जुड़े मुद्दों को शांतिपूर्ण तरीके से उठाते रहे हैं।
बताया गया कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में मंगलवार को देशभर के किसान दिल्ली के किसान घाट पर एकत्रित होकर प्रदर्शन करने की तैयारी में थे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी थी। कई स्थानों पर किसानों को दिल्ली जाने से रोकने की कार्रवाई किए जाने की भी जानकारी सामने आई।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसानों की आवाज को रोकने के बजाय सरकार को उनके मुद्दों पर बातचीत करनी चाहिए। वहीं, पुलिस-प्रशासन की ओर से राहुल चौधरी को नजरबंद किए जाने के संबंध में आधिकारिक रूप से कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

0 Comments